6 जुलाई 2019 - 19:20
ट्रम्प ने ईरान को फिर दी धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि आने वाले समय में सब देखेंगे कि ईरान के बारे में क्या कुछ होता है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प और व्हाइट हाउस के अधिकारियों द्वारा ईरान के ख़िलाफ़ बोलने में होड़ सी लगी हुई है। शनिवार को पत्रकारों द्वारा ईरान के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रम्प ने कहा कि, आने वाले दिनों में सब देखेंगे कि ईरान के बारे में क्या कुछ होता है। उन्होंने कहा कि ईरान को चाहिए की बह बहुत फूंक-फूंक कर क़दम उठाए। आपको बता दें कि इससे पहले भी अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान को कई बार धमकी दे चुके हैं। अभी हाल ही में उन्होंने एक ट्वीट के माध्यम से कहा था कि, ईरानी नेता अच्छाई और हमदर्दी को नहीं समझ रहे हैं। दुर्भाग्यवश वे केवल शक्ति और बल की ज़बान समझते हैं। अमरीका के पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है, केवल पिछले दो वर्षों में उस पर 1.5 ट्रिलियन डॉलर का निवेश किया गया है।

इस बीच व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार जॉन बोल्टन ने भी एक बार फिर ईरान के ख़िलाफ़ अपनी शत्रुतापूर्ण नीतियों और युद्ध भड़काने वाले स्टैंड को दोहराया करते हुए कहा है कि, ईरान पर और अधिक दबाव डालने की ज़रूरत है ताकि वह परमाणु गतिविधियों से हाथ खींच ले। बोल्टन ने कहा कि ईरान की परमाणु गतिविधियों का जाएज़ा लेने के लिए आईएईए जल्द ही समीक्षा बैठक करेगी।

दूसरी ओर ट्रम्प और उनके अधिकारी ऐसी स्थिति में ईरान को धमकी देने और दबाव बनाने की बात कर रहे हैं जब अभी हाल ही में ईरान द्वारा अमरीकी आधुनितकतम ड्रोन को स्वदेशी वायु रक्षा प्रणाली से मार गिराया गया और अमेरिका जवाबी हमले का सपना देखते रह गया। ऐसा लगता है कि ट्रम्प प्रशासन बड़ी-बड़ी बातें करके ईरानियों को प्रभावित करना और डराना चाहते हैं, हालांकि वह इस बात से अनजान हैं कि अगर ईरानियों को अमरीका की धमकियों का तनिक भी भय होता तो वे कभी भी अमरीकी ड्रोन को मार नहीं गिराते।